Independence Day : देश मना रहा है 76वां स्वतंत्रता दिवस, पीएम मोदी ने लाल किले पर नौवीं बार तिरंग फहराया

Independence Day : देश सोमवार को 76वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पीएम मोदी लाल किले के प्राचीर पर पहुंच गए हैं। कुछ देर में नौवीं बार तिरंगा फहराएंगे। इससे पहले, सुबह सबसे पहले राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। मुख्य समारोह सुबह 7.30 बजे से शुरू होगा। वहीं, जिला मुख्यालयों, राज्यों की राजधानियों, ग्राम पंचायतों और गांवों में स्वतंत्रता दिवस समारोह सुबह 9 बजे के बाद मनाया जाएगा।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान बजेगा, इसके बाद 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। आयोजन में 7000 मेहमान शिरकत करेंगे। कोरोना की वजह से दो साल बेहद सीमित उपस्थिति में आजादी का उत्सव मनाया जा सका था।
लाइव अपडेट्स:
- सशस्त्र बल और दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
- भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर फ्लाई पास्ट के जरिए फूलों की वर्षा करेंगे।
- प्रधानमंत्री जनता को संबोधित करेंगे, उनके भाषण के बाद तिरंगे गुब्बारे छोड़े जाएंगे।
13 अगस्त से चल रहा हर घर तिरंगा अभियान
केंद्र सरकार की अपील पर इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत हर घर तिरंगा अभियान से हुई है। 13 से 15 अगस्त तक सभी देशवासियों से अपने घर पर तिरंगा लगाने की अपील की गई थी, जिसके चलते हर गली-मोहल्ले और ऐतिहासिक इमारतों पर तिरंगे का रंग चढ़ा नजर आया।